भारत एआई परिवर्तन के अग्रिम मोर्चे पर: प्रधानमंत्री मोदी

**EDS: THIRD PARTY IMAGE** In this screenshot from a video released on Feb. 14, 2026, Prime Minister Narendra Modi at the newly inaugurated Kumar Bhaskar Varma Setu, in Guwahati. (@NarendraModi/YT via PTI Photo)(PTI02_14_2026_000173B)

नई दिल्ली, 16 फरवरी (पीटीआई) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) परिवर्तन के अग्रिम मोर्चे पर खड़ा है और एआई के क्षेत्र में उसकी प्रगति महत्वाकांक्षा और जिम्मेदारी दोनों को दर्शाती है।

उनकी यह टिप्पणी उस दिन आई जब वह यहां भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन करने वाले हैं।

इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का आयोजन 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के साथ किया जाएगा।

एक्स पर एक पोस्ट में मोदी ने कहा, “एआई पर चर्चा के लिए दुनिया को एक साथ ला रहे हैं! आज से भारत दिल्ली के भारत मंडपम में एआई इम्पैक्ट समिट की मेजबानी कर रहा है। मैं इस शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दुनिया भर से आए विश्व नेताओं, उद्योग जगत के अग्रणियों, नवप्रवर्तकों, नीति निर्माताओं, शोधकर्ताओं और तकनीक प्रेमियों का हार्दिक स्वागत करता हूं।”

उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का विषय “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” है, जो मानव-केंद्रित प्रगति के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मोदी ने कहा कि एआई आज स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, शासन और उद्योग सहित कई क्षेत्रों में परिवर्तन ला रहा है।

उन्होंने कहा कि एआई इम्पैक्ट समिट नवाचार, सहयोग, जिम्मेदार उपयोग सहित एआई के विविध पहलुओं पर वैश्विक विमर्श को समृद्ध करेगा।

मोदी ने कहा, “मुझे विश्वास है कि इस सम्मेलन के परिणाम एक प्रगतिशील, नवाचारी और अवसर-समृद्ध भविष्य को आकार देने में मदद करेंगे।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत के 1.4 अरब लोगों की बदौलत हमारा देश एआई परिवर्तन के अग्रिम मोर्चे पर खड़ा है। डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर सशक्त स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र और अत्याधुनिक अनुसंधान तक, एआई में हमारी प्रगति महत्वाकांक्षा और जिम्मेदारी दोनों को दर्शाती है।”

रविवार को मोदी ने भारत को डिजिटल अवसंरचना और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का वैश्विक केंद्र बताते हुए कहा कि देश दुनिया के डेटा की मेजबानी करने और तकनीकी क्रांति की अगली लहर का नेतृत्व करने के लिए तैयार है।

पीटीआई को दिए एक विशेष साक्षात्कार में उन्होंने कहा, “बजट में घोषित कर प्रोत्साहन इस क्षेत्र में निवेश को तेज करने, उन्नत सुविधाओं के निर्माण की लागत कम करने और भारत को डेटा अवसंरचना के लिए वैश्विक प्रतिस्पर्धी गंतव्य बनाने के लिए तैयार किए गए हैं।”

वैश्विक पहुंच के एक मजबूत संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, “हम दुनिया के पूरे डेटा को भारत में बसने का निमंत्रण देते हैं!” पीटीआई एएसके एएमजे एएमजे

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

एसईओ टैग: #स्वदेशी, #न्यूज़, भारत एआई परिवर्तन के अग्रिम मोर्चे पर: पीएम मोदी