
कराकस, 19 फरवरी (एपी) लैटिन अमेरिका में अमेरिकी सैन्य अभियानों के प्रमुख ने बुधवार को दक्षिण अमेरिकी देश की राजधानी में कई घंटों की यात्रा के दौरान वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों से मुलाकात की।
रोड्रिगेज की सरकार और अमेरिकी दक्षिणी कमान ने इस यात्रा की अलग-अलग सोशल मीडिया पर घोषणा की। रोड्रिगेज के प्रेस कार्यालय ने कहा कि मरीन जनरल फ्रांसिस डोनोवन ने रक्षा मंत्री व्लादिमीर पड्रिनो लोपेज और आंतरिक मंत्री दियोसदादो काबेलो से मुलाकात की।
यह बैठक उस चौंकाने वाली छापेमारी के कुछ सप्ताह बाद हुई है, जिसमें अमेरिकी सेना ने तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को कराकस से गिरफ्तार कर अमेरिका ले जाकर मादक पदार्थ तस्करी के आरोपों का सामना करने के लिए पेश किया था।
रोड्रिगेज के प्रेस कार्यालय की ओर से एक्स पर की गई एक पोस्ट के अनुसार, “इस बैठक के दौरान दोनों देशों ने हमारे क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ तस्करी, आतंकवाद और प्रवासन से निपटने के लिए द्विपक्षीय सहयोग एजेंडा विकसित करने पर काम करने पर सहमति जताई।” पोस्ट में कहा गया, “यह बैठक इस बात की पुष्टि करती है कि मतभेदों को सुलझाने और द्विराष्ट्रीय तथा क्षेत्रीय हितों के मुद्दों को संबोधित करने के लिए कूटनीति ही माध्यम होनी चाहिए, जो सभी पक्षों के हित में है।” डोनोवन के साथ वेनेजुएला में शीर्ष अमेरिकी राजनयिक लॉरा डोगू और गृह सुरक्षा तथा अमेरिका मामलों के लिए अमेरिकी कार्यवाहक सहायक रक्षा सचिव जोसेफ ह्यूमायर भी मौजूद थे।
अमेरिकी दक्षिणी कमान की ओर से जारी बयान में कहा गया कि चर्चा का केंद्र वेनेजुएला और पश्चिमी गोलार्ध की सुरक्षा के साथ-साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की देश के लिए चरणबद्ध योजना के “कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के कदमों” पर रहा।
यह वेनेजुएला की शीर्ष अमेरिकी अधिकारियों द्वारा की गई हालिया यात्राओं में से एक है। सीआईए निदेशक जॉन रैटक्लिफ ने मादुरो के सत्ता से हटने के केवल दो सप्ताह बाद रोड्रिगेज से मुलाकात की थी, जबकि अमेरिकी ऊर्जा सचिव क्रिस राइट ने पिछले सप्ताह देश के तेल उद्योग का प्रत्यक्ष आकलन करने के दौरान उनसे मुलाकात की थी। (एपी) एनएसडी एनएसडी
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
एसईओ टैग्स: #swadesi, #News, अमेरिकी दक्षिणी कमान प्रमुख ने मादुरो की गिरफ्तारी के हफ्तों बाद वेनेजुएला की राष्ट्रपति से मुलाकात की
