शादी कराने के बहाने बिट्टू बजरंगी से 30,000 रुपये की ठगी, एफआईआर दर्ज

Representative Image

फरीदाबाद, 20 फरवरी (पीटीआई) गौ-रक्षक बिट्टू बजरंगी से शादी कराने के बहाने 30,000 रुपये की कथित रूप से ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि 2023 के नूंह सांप्रदायिक दंगों के आरोपी बजरंगी की शिकायत पर आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

शिकायत के अनुसार, बजरंगी ने अपने पड़ोसी के रिश्तेदार बंटी से कहा था कि वह शादी करना चाहता है और यदि कोई उपयुक्त रिश्ता हो तो उसे बताए।

बंटी ने बजरंगी की मुलाकात रानी नामक महिला से कराई। इसके बाद बंटी और रानी ने बजरंगी को तीन बार अलीगढ़ ले जाकर संभावित रिश्तों से मिलवाया, लेकिन उसे कोई भी पसंद नहीं आया।

इसके बाद बंटी ने बजरंगी को एक युवती की फोटो भेजी, जो उसे पसंद आ गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 5 सितंबर 2025 को बंटी और रानी उस युवती और उसके परिवार के साथ बजरंगी के घर आए और 7 फरवरी को शादी तय की गई।

तय योजना के अनुसार, बजरंगी ने 6 फरवरी को होने वाली दुल्हन के कपड़े खरीदने के लिए आरोपियों को 30,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। शिकायत में कहा गया है कि जब वह बारात लेकर अलीगढ़ पहुंचा तो आरोपी वहां मौजूद नहीं थे और उनके मोबाइल फोन बंद थे।

बजरंगी ने अपनी शिकायत में कहा, “जब मैंने दुल्हन के नंबर पर कॉल किया तो उसने कहा कि उसे शादी के बारे में कुछ भी पता नहीं है और मुझे खाली हाथ लौटना पड़ा।”

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर यहां सारण थाने में बंटी, रानी और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीटीआई सीओआर डीआईवी डीआईवी

Category: Breaking News

SEO Tags: #swadesi, #News, Bittu Bajrangi duped of Rs 30,000 by man on pretext of arranging marriage, FIR lodged