गुमला (झारखंड), 20 फरवरी (पीटीआई) झारखंड के गुमला जिले में दो लड़कियों का कथित तौर पर अपहरण कर उनके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार को कामडारा थाना क्षेत्र में हुई, जब दोनों लड़कियां अपने दो दोस्तों के साथ दोपहिया वाहन पर एक विवाह समारोह से घर लौट रही थीं।
कामडारा थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने कहा, “दोनों पीड़िताएं नाबालिग हैं और चार लोगों ने उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। चारों आरोपी झारखंड के सिमडेगा जिले के अलग-अलग हिस्सों के रहने वाले हैं।”
पीड़िताओं के बयान के हवाले से उन्होंने बताया कि चारपहिया वाहन में सवार आरोपियों ने अरहारा गांव के पास दोनों लड़कियों और उनके दोस्तों को रोका और जबरन तीन को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। “चारों उन्हें बालाघाट कोयल नदी किनारे एक सुनसान स्थान पर ले गए और दो लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया,” थाना प्रभारी ने कहा।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीटीआई आरपीएस आरपीएस बीडीसी
वर्ग: ब्रेकिंग न्यूज़
एसईओ टैग्स: #swadesi, #News, Two girls ‘gang-raped’ in Jharkhand, 4 held

