अमेठी (यूपी), 20 फरवरी (पीटीआई) अमेठी जिले के गौरीगंज क्षेत्र में शुक्रवार को चलती ट्रेन से गिरकर 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, जायस थाना क्षेत्र के मवई आलमपुर गांव निवासी दिनेश कुमार अपनी पत्नी के साथ इलाज के लिए गौरीगंज जिला अस्पताल जा रहे थे।
वह जनता एक्सप्रेस में सवार थे और कोच के दरवाजे के पास खड़े थे। इसी दौरान बाबूगंज ऐंधी के पास तेज रफ्तार ट्रेन से अचानक गिर गए।
पुलिस ने बताया कि लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर हुई इस घटना में दिनेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
गौरीगंज के थाना प्रभारी जिलेदार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

