
मुंबई, 23 फरवरी (भाषा)। उद्योगपति अनिल अंबानी को झटका देते हुए बंबई उच्च न्यायालय ने सोमवार को एकल पीठ के उस अंतरिम आदेश को रद्द कर दिया जिसमें उनके और रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के खिलाफ उनके बैंक खातों को धोखाधड़ी के रूप में वर्गीकृत करने के लिए शुरू की गई कार्यवाही पर रोक लगा दी गई थी।
मुख्य न्यायाधीश श्री चंद्रशेखर और न्यायमूर्ति गौतम अनखड की खंडपीठ ने तीन सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और ऑडिटर फर्म बीडीओ इंडिया एलएलपी द्वारा दिसंबर 2025 के अंतरिम आदेश के खिलाफ दायर अपीलों को स्वीकार कर लिया।
खंडपीठ ने एकल पीठ के आदेश को रद्द करते हुए इसे “अवैध और विकृत” करार दिया।
अंबानी के वकीलों ने उच्च न्यायालय से उसके आदेश पर रोक लगाने की मांग की ताकि वे सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटा सकें, लेकिन अनुरोध को अस्वीकार कर दिया गया।
बैंकों ने पिछले महीने अंबानी और उनकी कंपनी को अंतरिम राहत देने वाले दिसंबर 2025 के एकल पीठ के आदेश को चुनौती दी थी। आदेश में अनिवार्य आरबीआई नियमों के उल्लंघन और बैंकों के वर्षों के बाद “गहरी नींद से जागने” के एक क्लासिक मामले का हवाला दिया गया था।
एकल पीठ के आदेश ने इंडियन ओवरसीज बैंक, आईडीबीआई बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा सभी वर्तमान और भविष्य की कार्रवाई पर रोक लगा दी, यह देखते हुए कि कार्रवाई कानूनी रूप से त्रुटिपूर्ण फोरेंसिक ऑडिट पर आधारित थी और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अनिवार्य दिशानिर्देशों का उल्लंघन करती थी।
तीनों बैंकों ने अपनी अपील में कहा कि फॉरेंसिक ऑडिट, जिसके कारण खातों को “धोखाधड़ी” के रूप में वर्गीकृत किया गया था, कानूनी रूप से वैध था और धन की हेराफेरी और दुरुपयोग के गंभीर निष्कर्षों पर आधारित था।
उन्होंने तर्क दिया कि यह ऑडिट फर्म बीडीओ एलएलपी द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में दर्ज किया गया था।
बैंकों ने अपनी याचिका में यह भी कहा कि अंबानी ने एकल पीठ के समक्ष फोरेंसिक ऑडिट को तकनीकी चुनौती दी थी।
उन्होंने एकल पीठ के अंतरिम आदेश को यह दावा करते हुए रद्द करने की मांग की कि यह “विकृत” था।
अंबानी ने इंडियन ओवरसीज बैंक, आईडीबीआई और बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा जारी एकल पीठ के कारण बताओ नोटिस के समक्ष चुनौती दी थी, जिसमें उनके और रिलायंस कम्युनिकेशंस के खातों को धोखाधड़ी वाले खातों के रूप में घोषित करने की मांग की गई थी।
एक अंतरिम राहत के रूप में, उन्होंने इस आधार पर किसी भी दंडात्मक कार्रवाई के खिलाफ नोटिस और निषेधाज्ञा पर रोक लगाने की मांग की कि बीडीओ एलएलपी फोरेंसिक ऑडिट करने के लिए योग्य नहीं था क्योंकि इसका हस्ताक्षरकर्ता चार्टर्ड एकाउंटेंट नहीं था।
अंबानी ने दावा किया कि बीडीओ एलएलपी एक लेखा सलाहकार फर्म थी, न कि ऑडिट फर्म।
एकल पीठ अंबानी से सहमत थी और बैंकों की कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। पीटीआई एसपी जीके
वर्गः ब्रेकिंग न्यूज़
#swadesi, #News: हाईकोर्ट ने अनिल अंबानी के खिलाफ कार्रवाई पर रोक लगाने के आदेश को रद्द किया
