
मुंबई, 11 मार्च (पीटीआई) नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि वह पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रम और भारत तथा उस क्षेत्र के बीच हवाई यात्रा पर उनके संभावित प्रभावों की करीब से निगरानी कर रहा है।
मंत्रालय ने यह भी कहा कि नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और त्वरित व समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित हितधारकों के साथ सीधे संपर्क में हैं।
मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, आंकड़ों से पता चलता है कि 9 मार्च को भारतीय एयरलाइंस ने पश्चिम एशिया से आने वाली 45 इनबाउंड उड़ानों का संचालन किया, जिनमें 7,047 यात्री भारत पहुंचे।
बयान में कहा गया कि बदलती स्थिति के मद्देनज़र एयरलाइंस उपयुक्त परिचालन व्यवस्था कर रही हैं, जिसमें यात्रियों की सुरक्षा और सेवाओं की निरंतरता प्रमुख प्राथमिकताएं बनी हुई हैं।
मंत्रालय ने कहा कि यात्रियों की आवाजाही सुचारु रूप से जारी रहे, इसके लिए एयरलाइंस और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखा जा रहा है।
इसमें कहा गया कि हवाई किरायों की भी कड़ी निगरानी की जा रही है ताकि टिकट की कीमतें उचित बनी रहें और इस अवधि के दौरान कोई अनुचित बढ़ोतरी न हो।
मंत्रालय ने कहा कि एयरलाइंस की परिचालन योजनाओं से संकेत मिलता है कि एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस 12 मार्च से रियाद के लिए उड़ानें संचालित करेंगी, जबकि इंडिगो गुरुवार से मुंबई-रियाद-मुंबई सेवाएं शुरू करेगी। इसके साथ ही स्पाइसजेट को क्षेत्र में परिचालन सुरक्षा और लचीलापन बनाए रखने के लिए वैकल्पिक हवाईअड्डों की स्वीकृति प्राप्त करने में सुविधा प्रदान की गई है।
मंत्रालय ने कहा कि अकासा एयर को सलाह दी गई है कि वह मुंबई-रियाद-मुंबई सेवाओं की अपनी प्रस्तावित शुरुआत को मौजूदा परिचालन परिस्थितियों के अनुरूप समायोजित करे और उसकी सेवाएं 12 मार्च से शुरू होने वाली हैं।
बयान में कहा गया कि भारतीय एयरलाइंस ने सुरक्षित यात्री आवाजाही सुनिश्चित करने और आवश्यकता पड़ने पर निकासी सहायता प्रदान करने के लिए परिचालन लचीलापन भी मांगा है।
मंत्रालय ने कहा कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने संबंधित प्राधिकरणों के साथ समन्वय कर अतिरिक्त आगमन और प्रस्थान स्लॉट उपलब्ध कराने और दुबई, अबू धाबी, शारजाह, रस-अल-खैमा, अल-अलन, फुजैरा, जेद्दा और मदीना सहित गंतव्यों के लिए आने-जाने वाली उड़ानों के लिए मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को मार्ग में वैकल्पिक हवाईअड्डे के रूप में उपयोग करने की अनुमति देने की सुविधा प्रदान की है। पीटीआई आईएएस राम एआरआई एआरआई
श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़
एसईओ टैग: #swadesi, #News, Airlines making operational arrangements in response to evolving situation in West Asia: Ministry
