जापान ने दर्ज किया व्यापार अधिशेष, निर्यात वृद्धि ने चीन की कमजोर मांग की भरपाई की

Japan's Prime Minister Sanae Takaichi, center, talks with the ruling party's lawmakers during a special session of the lower house in Tokyo, Japan, Wednesday, Feb. 18, 2026. AP/PTI(AP02_18_2026_000021B)

टोक्यो, 18 मार्च (एपी) सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जापान ने फरवरी में 57.3 अरब येन (360 मिलियन अमेरिकी डॉलर) का व्यापार अधिशेष दर्ज किया, जो पिछले महीने के घाटे से उलट है।

वित्त मंत्रालय के मौसमी रूप से समायोजित प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी में निर्यात उम्मीद से बेहतर 4.2 प्रतिशत बढ़कर 9.57 ट्रिलियन येन हो गया।

जनवरी में 2.5 प्रतिशत की गिरावट के बाद, आयात सालाना आधार पर 10.2 प्रतिशत बढ़कर 9.51 ट्रिलियन येन हो गया।

जनवरी में जापान को 1.15 ट्रिलियन येन का व्यापार घाटा हुआ था।

ईरान के खिलाफ युद्ध के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ के प्रभावी रूप से बंद होने से तेल और अन्य ऊर्जा की कीमतों में वृद्धि हो रही है, जिससे आयात लागत बढ़ने की संभावना है।

जापान अपनी लगभग पूरी तेल जरूरत आयात करता है, और अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत हाल के हफ्तों में बढ़कर लगभग 100 डॉलर प्रति बैरल हो गई है।

भूराजनीतिक अनिश्चितता, खासकर ईरान में युद्ध, जापान की निर्यात-आधारित अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है, हालांकि कमजोर येन कुछ हद तक फायदेमंद साबित हो सकता है। अमेरिकी डॉलर लगभग 159 येन पर कारोबार कर रहा है, जबकि एक साल पहले यह 150 येन से नीचे था।

चीन को निर्यात में सालाना आधार पर 10.9 प्रतिशत की गिरावट आई, हालांकि इस साल लूनर न्यू ईयर फरवरी में पड़ने के कारण मांग असामान्य रूप से कमजोर रही होगी।

अमेरिका को निर्यात 8 प्रतिशत घट गया, क्योंकि ऑटो निर्यात में गिरावट आई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा जापानी ऑटोमोबाइल पर लगाए गए 15 प्रतिशत टैरिफ का असर अब भी जापान के ऑटो निर्माताओं और सप्लाई कंपनियों पर पड़ रहा है।

यूरोप को निर्यात मजबूत रहा और फरवरी में पिछले साल की तुलना में 17 प्रतिशत बढ़ा। एशिया के अन्य हिस्सों में निर्यात 2.8 प्रतिशत बढ़ा।

निवेशक यह देख रहे हैं कि जापान का केंद्रीय बैंक ब्याज दरों को लेकर क्या फैसला लेता है, क्योंकि उसकी नीति निर्धारण समिति गुरुवार को अपनी दो दिवसीय बैठक समाप्त करेगी।

केसीएम ट्रेड के मुख्य बाजार विश्लेषक टिम वाटरर ने कहा, “केंद्रीय बैंक यह देखने का इंतजार कर रहे हैं कि ऊंची तेल कीमतें अस्थायी हैं या 2026 में भी जारी रहने वाली प्रवृत्ति बनेंगी। ऐसे में वैश्विक स्तर पर नरम रुख से सख्त रुख की ओर बदलाव देखने को मिल सकता है।”

निवेशक इस सप्ताह के अंत में ट्रंप और जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री सानेए ताकाइची के बीच होने वाले शिखर सम्मेलन से किसी संभावित समझौते पर भी नजर रख रहे हैं। (एपी) SKS SKS

श्रेणी: ब्रेकिंग न्यूज़

SEO टैग: #स्वदेशी, #समाचार