दिल्ली: 130 से ज्यादा आपराधिक मामलों में शामिल दो भाई गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने 130 से अधिक आपराधिक मामलों में आरोपी दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम विजय कुमार उर्फ सोनू (45) और अर्जुन उर्फ गोपू (38) हैं। इन्हें GT करनाल रोड के पास उस वक्त पकड़ा गया जब ये चोरी की स्कूटी पर सवार थे।

पुलिस के अनुसार, इनकी गिरफ्तारी से मॉडल टाउन क्षेत्र में छीने गए सोने की चेन वाले मामले समेत स्नैचिंग और चोरी के 11 मामले सुलझ गए हैं। दोनों आरोपी आजादपुर के निवासी हैं और आदर्श नगर थाने द्वारा घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ (BCs) हैं। विजय कुमार पर हत्या और हथियारों के मामलों सहित 24 आपराधिक केस दर्ज हैं, जबकि अर्जुन 109 केसों (गैंगस्टर एक्ट, NDPS एक्ट, चोरी, झपटमारी) में शामिल रह चुके हैं।

पकड़ के दौरान दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें जल्द ही काबू कर लिया। पूछताछ में उन्होंने मॉडल टाउन छिनैती समेत कई अपराध कबूल किए। अभी मामले की आगे जांच जारी है।